ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 14 और 15 मार्च को होने वाली पुलिस भर्ती की परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए रिहर्सल बृहस्पतिवार को किया गया। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज समेत अन्य सभी छह केंद्रों पर पहुंचे सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने पूरी प्रक्रिया का रिहर्सल करते हुए तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए काशी नरेश विश्वविद्यालय, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, ज्ञानदेवी इंटर कॉलेज भदोही एवं एमए समद इंटर कॉलेज भदोही को केंद्र बनाया गया है।
सभी केंद्रों पर आयोजित रिहर्सल कार्यक्रम में सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित समय पर प्रश्न पत्र लेकर पहुंचते हैं तो स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सह केंद्र व्यवस्थापक अपनी-अपनी जिम्मेदारी को संभाल लेते हैं।
इस दौरान केंद्रों पर प्रश्न पत्र लाने से लेकर गेट पर अभ्यर्थियों की जांच, जरूरी प्रपत्र भरने आदि की प्रक्रिया समझाई गई।
सीसीटीवी कैमरों के संचालन, प्रकाश, पेयजल आदि की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आने पाए इसे देखते हुए सभी केंद्रों पर रिहर्सल कराया गया।