सरोई। उत्तर प्रदेश स्टांप संगठन के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को जिला इकाई के पदाधिकारियों ने काम काज ठप कर विरोध जताया। कई मांगों को पूर्ण करने की मांग को लेकर भदोही तहसील के सब रजिस्ट्रार अर्चित शिवम मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष प्रभाकर राय ने कहा कि ई-स्टांप में वेंडरों को एक प्रतिशत कमीशन सुनिश्चित किया जाए। स्टॉक होल्डिंग कारपोरेशन ई-स्टांप व्यवस्था को संभाल पाने में नाकाम हो गया है, इसलिए इसे सरकार के अधीन किया जाए। ई-स्टांप की जटिल व्यवस्थाओं को सरल किया जाए, जिससे लोगों को सहूलियत मिले। वेंडरों को आईडी कार्ड जारी हो और वेंडर कल्याण अधिनियम को पारित किया जाए। इस मौके पर दीपक सिंह यादव, विनोद मौर्य, नीरज शुक्ला, जय प्रकाश पांडेय, आकाश पांडेय, सुजीत, संतलाल यादव, पवन कुमार, संतोष आदि रहे।