गोपीगंज। नगर के वार्ड नंबर 12 के बाशिंदे विभिन्न समस्याओं की मकड़जाल में उलझ कर रह गए हैं। मूलभूत सुविधाएं न होने से आक्रोशित वार्ड के लोगों ने मंगलवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि बारिश के पहले यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।
वार्ड वासियों का कहना था कि सरकार विकास के तमाम योजनाओं को संचालित कर गली मोहल्ले को सुंदर बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन यहां विकास के नाम पर अनदेखी की जा रही है। पूरे गुलाब वार्ड में करीब 200 से 250 आबादी बीते 50 सालों से रह रही है। इतने सालों में आज तक बस्ती में न तो नाली बनी है और न ही सड़क की ही सुविधा मयस्सर हो पाई है। बारिश के समय में बस्ती में घुटनों तक पानी लग जाया करता है। जिसके बीच से बच्चे-बूढ़े जवान सभी को गुजरना पड़ता है। स्थिति यह है कि सामान्य दिनों में भी बस्ती के लोगों के घरों का पानी सड़क पर ही मजबूरी में बहाना पड़ता है। बताया कि इसको लेकर पालिका प्रशासन से बार-बार गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमारी, माया, जोहरा, सोनम, बेबी, हसीना, सितारा, गोपाल कौशल, मुन्ना, अजय, विजय समेत अन्य रहे।