इस मसले पर पार्टी के कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए और एक-दूसरे पर कुर्सियां तान दीं। जानकारी मिलने के बाद मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस आने की भनक लगते ही हंगामा कर रहे लोग शांत हो गए।
समाजवादी पार्टी की एक अगस्त से निकलने वाली साइकल यात्रा के आयोजन के संबंध में जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय पर चल रही थी।
इस दौरान एक कोटे की दूकान की पैरवी को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष दूकान को निलंबित करवाने के लिए पैरवी करने की मांग कर रहा था तो दूसरा पक्ष उसे बहाल करने की हिमायत कर रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई। कुर्सियां भी उठा ली गईं।
इस बीच कुछ वरिष्ठ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसी दौरान किसी ने ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। जानकारी मिलते ही कोतवाल प्रमोद त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। हालांकि तब तक मामला शांत हो गया था।
उधर सपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी ने कहा कि कार्यकर्ताओं में छोटे-मोटे मामले को लेकर गलतफहमी हो गई थी। जिसे दूर कर मामले को शांत करा दिया गया। जितना बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है, मामला उतना बड़ा नहीं है।