ज्ञानपुर। समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष गुलाब चंद्रपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
उनका कहना था कि नोएडा में मजदूरों पर हो रही कार्रवाई पर रोक लगाई जाए, अन्यथा वे चुप नहीं बैठेंगे। वक्ताओं ने प्रदेश में मजदूरों के शोषण रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि श्रमिक आंदोलन के बाद सरकार द्वारा मजदूरों के वेतन में अंतरिम वृद्धि का निर्णय लिया गया है, जिसकी अधिसूचना राज्यपाल के हस्ताक्षर से जारी हो चुकी है। इसके बावजूद, पिछले 20 वर्षों से बड़े पूंजीपतियों के लाभ के लिए श्रमिकों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। उन्हें स्थायी प्रकृति के कार्यों में भी बेहद कम मजदूरी पर गैर-कानूनी ढंग से काम कराया जा रहा है। प्रमुख मांगों में श्रमिकों के सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिमाह 26,000 रुपये मजदूरी देना शामिल है। भदोही की कालीन कंपनियों में 10-12 घंटे काम करने वाले मजदूरों को भी 26,000 रुपये मासिक मजदूरी देने की बात कही गई। इस दौरान हृदय नारायण प्रजापति, छविनाथ यादव, संदीप यादव आदि रहे।