ज्ञानपुर तहसील में भीड़ सेसोशल डिस्टेंसिंग तार-तार।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना महामारी को लेकर लापरवाही बढ़ती जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन तरीके से नहीं किया जा रहा है। ना ही पुलिस और प्रशासन इसका पालन करवा पा रहा है। शुक्रवार को बाजार में जगह-जगह भीड़ एकत्र दिखी। सरकारी दफ्तरों में भी लोग भीड़ लगाकर काम कराते देखे जा रहे हैं। इससे वायरस का असर और गहराने की आशंका बढ़ गई है।
मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन और फिर उसके बाद अनलॉक की प्रक्रिया के दौरान भीड़भाड़ से बचने की हिदायत समान रही, लेकिन जैसे-जैसे समय गुजर रहा है, सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर संवेदनशीलता कम होती जा रही है। यह हम नहीं कर रहे, जिले के प्रमुख बाजारों, सरकारी दफ्तरों और बैंकों आदि के सामने लगभग प्रतिदिन जुटने वाली भीड़ बता रही है। शुक्रवार को ज्ञानपुर तहसील परिसर में काम कराने के लिए पहुंचे फरियादियों की अनियंत्रित भीड़ बिना मॉस्क और सुरक्षा के परिसर में जमा दिखी। इसी तरह बाजारों में जगह-जगह लोगों की जमा भीड़ को देखकर सहसा ही जागरूक लोगों के मुंह से निकल जाता कि कृपया ऐसी गलती न करें, भारी पड़ सकती है। क्योंकि महामारी का खतरा अभी कम नहीं हुआ है। उधर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि अनलॉक में भी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना चाहिए। यह खुद के बचाव के लिए है।