जानवरों के शव को कब्जे में लेती पुलिस।
- फोटो : संवाद
UP Crime News: ज्ञानपुर के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव में बृहस्पतिवार को प्रतिबंधित चार जानवरों को सरेआम तस्करों ने मौत के घाट उतार दिया। तस्कर जानवर के मांस को नेपाल ले जाने के फिराक में थे। इसी बीच, मुखबीर की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों तस्करों को धर दबोचा।
दोनों आरोपी सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। वन विभाग ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की सुरियावां कोतवाली में तहरीर दी है। बृहस्पतिवार को खरगपुर गांव में तीन सियार, एक बिल्ली को तस्करों ने मार डाला। उसे बोरे में भर रहे थे कि इसी बीच सूचना पर वन कर्मी मौके पर पहुंचे।
आरोपी के पास से तीन सियार और एक बिल्ली मृत अवस्था में मिली। पोस्टमार्टम के लिए शव को सुरियावां पशु अस्पताल लाया गया। आरोपी रवि व बुधुआ निवासी तोड़ी गांव, पकड़ी, सुल्तानपुर को पकड़ लिया और उन्हें सुरियावां कोतवाली को सौंपा दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी सियार और बिल्ली के चमड़े से ब्रश और जैकेट बनाने के लिए ले जा रहे थे। डीएफओ विवेक कुमार यादव ने बताया कि ज्ञानपुर रेंज के खरगपुर गांव में दो आरोपी को तीन सियार, एक बिल्ली का शिकार करते हुए पकड़ा गया है। पोस्टमार्टम करा दिया गया। रिपोर्ट अभी नहीं आइ है। आरोपी को सुरियावां पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।