कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कौलापुर गांव में सीढ़ी से फिसलकर गिरने से घायल मनीष कन्नौजिया (30) की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। दोपहर दो बजे के बाद एंबुलेंस से शव आया तो महिलाएं दहाड़ मारकर रोने लगी।
कौलापुर निवासी मनीष कन्नौजिया बीते 27 जून की रात में अपने घर की छप पर सोये थे। देर रात अचानक बारिश होने लगी तो वे जल्दीबाजी में नीचे उतरने लगे। इस बीच पैर फिसलने से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से वे अचेत हो गए। परिजन उन्हें लेकर एक निजी चिकित्सालय पहुंचे। जहां हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। शनिवार को उनका शव घर पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।