ज्ञानपुर (भदोही)। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में लॉकडाउन की स्थिति में बृहस्पतिवार को लोगों के लिए राहत राहत भरी खबर आई। केंद्र सरकार के राहत पैकेज की घोषणा से जिले के साढ़े छह लाख लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पांच साल पूर्व बैंकों में जन-धन खाता खोलने वालों के खातों में पहली बार तीन माह तक 500-500 रुपये पहुंचेंगे। वृद्धा, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारकों को तीन माह तक एक हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को राहत पैकेज की घोषणा की। इसमें अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से हर व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। वर्ष 2014 में 15 -15 लाख पाने की चाहत में जन-धन का खाता खोलने वाली करीब एक लाख 25 हजार महिला लाभार्थियों के खाते में पहली बार पांच-पांच सौ रुपये तीन महीने तक आएंगे।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के करीब एक लाख उपभोक्ताओं को तीन महीने तक मुफ्त सिलिंडर दिया जाएगा। खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से कोटे की दुकानों के माध्यम से तीन लाख 15 हजार कार्डधारकों को तीन महीने तक 10-10 किलो गेहूं-चावल और एक किलो दाल दी जाएगी। इसी तरह वृद्धा पेंशन के 39 हजार, विधवा पेंशन के 25 हजार और दिव्यांग पेंशन के 12 हजार लाभार्थियों को एक-एक हजार तीन महीने तक मिलेगा। सरकार की ओर से मनरेगा मजदूरों की मजदूरी भी 20 रुपये बढ़ा दी है। अब 182 की बजाए 202 रुपये मिलेंगे। इससे जिले के करीब एक लाख 22 हजार मजदूरों को लाभ मिलेगा।