हजारों श्रद्धालुओं ने जहां पवित्र गंगा तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई, वहीं युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ नव वर्ष के पहले दिन सीतामढ़ी घूमने पहुंचीं।
सुबह आठ बजे से ही लोगों का सीतामढ़ी आगमन शुरू हो गया, जो पूरे दिन जारी रहा। दोपहर 12 बजे तक पूरी पर्यटन स्थली भीड़ से खचाखच भर गई। मंदिरों में दर्शन पूजन के अलावा सैलानियों ने खरीदारी भी की।
शुक्रवार की सुबह से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो दोपहर बाद तक जारी रहा। दोपहर तक मंदिर परिसर में लोगों की काफी भीड़ हो गई। सैलानियों ने सीता समाहित स्थल मंदिर, बड़े हनुमान जी मंदिर, महर्षि वाल्मीकि आश्रम, प्राचीन सीता मंदिर, उड़िया बाबा आश्रम, मौनी बाबा आश्रम, बाबा धवासा नाथ आश्रम आदि स्थलो के विभिन्न मंदिरों में पूजन अर्चन कर नववर्ष का स्वागत अभिनंदन किया।
बड़ी संख्या में लोगों ने पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर तैराकी का आनंद उठाया। लोगों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी और लजीज व्यंजनों का आनंद उठाया।
युवाओं ने गंगा में नौकायन कर दोस्तों संग मौजमस्ती की। गंगा नदी पार कर लोगों ने बालू के रेत में गाजे बाजे संग जमकर डांस भी किया साथ ही लिट्टी बाटी अन्य व्यंजनों को खाया।
सुरक्षा के मद्देनजर एसओ कोइरौना हरिवंश सिंह यादव चौकी इंचार्ज तारुणेंद्र त्रिपाठी दिनभर चक्रमण करते रहे। इसके अलावा पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मी की तैनाती भी भीड़ भाड़ वाले जगहों पर रही। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का टूर सीतामढ़ी पहुंचा बच्चों ने नव वर्ष के स्वागत में खूब धमाल चौकड़ी कर नव वर्ष का अभिनन्दन किया।