कौलापुर। विधायक विजय मिश्र और उनके रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी मामले में शनिवार को नया मोड़ आता दिखा। विधायक के खिलाफ संपत्ति कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाने वाले कृष्णमोहन की बहन पुष्पलता देवी उर्फ नीरजा ने गोपीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कृष्णमोहन मेरे सगे भाई नहीं हैं। मेरी मां ने पैदाइश के समय उन्हें पैसे देकर खरीदा था। वह औराई के एक परिवार के बेटे हैं।
कहा कि डीएनए जांच करा ली जाए तो स्पष्ट हो जाएगा। ऐसे में अपने पिता की संपत्ति की वह अकेली वारिस है। लेकिन, उसके कथित भाई ने मां को प्रभाव में लेकर काफी संपत्ति अपने नाम करवा ली। दावा किया है कि वह कोलकाता के अस्पताल में अकेली पैदा हुई थी। उसकी मां ने उसी अस्पताल में जन्मे एक अन्य नवजात को गोद लेकर जुड़वा बच्चे पैदा होने की बात कही थी। उधर गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।