भाजयुमो पदाधिकारियों ने अधिशासी अभियंता बिजली का घेराव कर पत्रक सौंपा तो पाली में सैकड़ों ग्रामीणों ने ज्ञानपुर- सुरियावां मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम से वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब पांच घंटे बाद एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर आपूर्ति गोपीगंज फीडर से कराने का आश्वासन दिया तब जाम समाप्त हुआ।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता शुक्रवार को बिजली विभाग के ज्ञानपुर स्थित कार्यालय पर पहुंचे। नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता के केबिन में पहुंच गए। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एक्सईएन को सौंपकर कटौती रोकने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का दावा कर रहे हैं लेकिन लोगों को बिजली नहीं दे पा रहे हैं।
इटावां आजमगढ़, रामपुर सहित कुछ चुनिंदा जिलो में ही बिजली दी जा रही है। बारिश न होने से किसान पंपिगसेट से सिंचाई पर निर्भर हैं लेकिन आपूर्ति न होने से स्थिति खराब हो गई है। चेतावनी दी कि अविलंब बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर प्रवेश तिवारी, अश्वनी अग्रवाल, राहुल कुमार, राजन दूबे, कपिल मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर पाली में सैकड़ो ग्रामीणों ने ज्ञानपुर- दुर्गागंज के पाली तिराहे पर अघोषित बिजली कटौती को लेकर चक्काजाम कर दिया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर बाद तीन बजे तक चला। एसडीओ बिजली वीके मिश्रा ने ग्रामीणों को समझाया तब जाम समाप्त हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि फत्तूपुर फीडर से जुड़ी पाली की बिजली को एक माह के अंदर गोपीगंज फीडर से जोड़ दिया जाएगा। ग्रामीण कपिलदेव पांडेय ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही से ग्रामीण इलाकों में दो से तीन घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे किसान, युवा, व्यापारी सभी वर्ग के लोग परेशान हैं। धान की सिंचाई सिर पर है लेकिन दो से तीन घंटे बिजली मिलने से लोगों को काफी परेशानी से जूझ़ना पड़ रहा है। चक्काजाम में अभयराज पांडेय, रतन शुक्ला, पिंटू पांडेय, अनुज, प्रेम बहादुर, सुरेंद्र मौर्य, संतोष, अरविंद, भगौती,फूलचंद्र पांडेय, राजन दूबे, वन शुक्ला, सुनील दूबे, भुवंर पांडेय आदि रहे।