ज्ञानपुर। जनपद में कहीं न कहीं रोजाना सुनने में आता है कि मवेशियों की वजह से सड़क दुर्घटना में किसी की जान चली गई है। कई घायल हो गए। किसी की बाइक या वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। इसे लेकर पशु पालन एवं पशु चिकित्सा विभाग में अक्सर शिकायत भी आती रहती है। ऐसे में विभाग ने टीम बनाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया है। साथ ही आधारकार्ड दिखाकर मवेशियों को खर्च के साथ घर तक ले जाने के लिए भी व्यवस्था की गई है। पशु पालन विभाग के अनुसार एक सप्ताह में अब तक 156 मवेशियों को पकड़कर अस्थाई गो संरक्षण केंद्र में रखा गया है। सुरियावां ब्लाक के भोरी में एक और औराई ब्लाक के नटवा में एक सहित कुल दो वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनाए गए है। 21 अस्थाई गो संरक्षण केंद्र है। इस प्रकार से कुल 23 गो संरक्षण केंद्र जनपद में बनाए गए है। इनमें लगभग 4795 पशुओं को सुरक्षित रखा गया है। इनकी देखभाल के लिए आदमी भी रखे गए हैं। गो संरक्षण के लिए प्रति पशु 30 रुपये सरकार दे रही है। फसलों के नुकसान और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभिमान चलाया जा रहा है। सहभागिता योजनांतर्गत व्यक्ति पशु चिकित्सालय में संपर्क कर एक आधार कार्ड पर चार पशु ले सकता है। विभाग से उसे प्रति पशु रोज तीस रुपये खर्च दिया जाएगा। विभाग द्वारा समय समय पर पशुओं का निरीक्षण भी किया जाता रहेगा।