लालानगर/गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के सोनखरी गांव में सोमवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर गोली चल गई। बताया जाता है कि एक पक्ष ने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी अनिल दुबे निवासी बंजारी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। वारदात को लेकर क्षेत्र में दहशत बनी रही।
बताते हैं कि बंजारी गांव निवासी अनिल दुबे ने सोनखरी गांव के पास आठ बिस्वा जमीन रजिस्ट्री कराई थी और बगल से निकले रास्ते की ओर जमीन लेना चाहता था। यह जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष ने मौके पर पहुंच कर विरोध जताना चाहा तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर ली। इस पर अनिल दुबे ने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई। घटना की सूचना 112 नंबर पुलिस को दी गई। वारदात स्थल पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी को हिरासत में ले लिया। जहां शांतिभंग की कार्रवाई कर चालान कर दिया। गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय का कहना रहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया है।