लालानगर/गोपीगंज। कोतवाली से सटे जोगीवीर तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर से रविवार की रात अराजक तत्वों ने शिवलिंग की चोरी कर ली। इससे लोग नाराज हो गए। नगरवासियों की लामबंदी देखकर पुलिस ने आनन-फानन दूसरा शिवलिंग स्थापित करवाकर माहौल को शांत कराया। सुबह चोरी की जानकारी होने पर भक्तों ने सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थलीय निरीक्षण कर लिखापढ़ी की। चोरों ने शिवलिंग के अलावा तांबे का नाग भी उड़ा दिया था। मंदिर के पुजारी भरतलाल ने कहा कि यदि पुलिस ने चोरी गए शिवलिंग को बरामद कर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो भक्तजन सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। जनमानस में भारी गुस्से को देख पुलिस ने दूसरा शिवलिंग लगवाकर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी।