जर्जर टेलीफोन खंभा जो बुधवार को दिन भर ऐसे ही दुर्घटनाओं को दावत देता रहा
- फोटो : BHADOHI
नगर में जगह-जगह लगे बिजली और टेलीफोन के जर्जर खंभे कभी भी गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बावजूद इसके इन जर्जर खंभों को हटाने की जहमत न तो संबंधित विभाग उठा रहा न कोई अन्य। स्टेशन रोड मुल्ला तालाब के पास जर्जर टेलीफोन का पोल बुधवार को टूटकर सड़क की ओर हवा झुक गया। आने-जाने वाले कहते रहे कि यह अब गिरा की तब। लेकिन पूरे दिन इसे हटाने के लिए कोई आगे नहीं आया। जबकि स्टेशन रोड शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है। इस पर सुबह से लेकर देर शाम तक आवागमन होता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टेलीफोन का पोल बुधवार को सुबह लगभग गिर ही गया था, लेकिन उससे लगे केबिल टीवी के तारों से खंभा हवा में ही झूलता रहा। लोग बच-बचाके आते जाते रहे। इस बाबत नगर पालिका के ईओ जी.लाल ने बताया कि मुझे ऐसे किसी खंभे के बारे में जानकारी नहीं है न तो किसी ने जानकारी दी है। इससे पहले कि कोई दुर्घटना हो जाए, नगर पालिका से फौरन खंभे को हटवाने की मांग स्थानीयजनों ने की।