एक ओर जहां आम नागरिक अगले महीने से मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं तो दूसरी ओर अभी से भी कुछ मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मोहल्ला कजियाना में सीवर जाम होने से गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। वार्ड सभासद शफीक अहमद सहित मोहल्लेवासियों ने पालिका अधिकारियों से लिखित शिकायत करते हुए बिमारियों के प्रकोप की चेतावनी की है।
नगर में स्लाटर हाऊस के अभाव में मांस बिक्री मोहल्ला कजियाना में होती है। पशुओं के काटने के माकूल व्यवस्था नहीं होने से इस मोहल्लें में आए दिन सीवर व नालियां जाम रहती हैं। इन दिनों मोहल्ले की सीवर व्यवस्था जाम होने से नालियां बजबजा रही हैं। लोगों के घरों से निकलने वाला पानी वापस घरों में जा रहा है। इसको लेकर नागरिकों में रोष है। मो.वसीम, वामिक ने कहा कि जब पानी निकासी नहीं होगा तो पानी जहां रास्ता पाएगा वहां जाएगा। हाल यह है कि इन दिनों नाबदान का पानी बाहर न निकल कर सड़क का पानी वापस घरों में जा रहा है। इतना ही नहीं माहौल में संक्रमण हो गया है और बदबु से लोग त्रस्त हैं।
गुरूवार को दो दर्जन नागरिकों ने सभासद शफीक अहमद की कयादत में नगर पालिका में जाकर पत्रक सौंपा और अपनी समस्या बताई। लोगों ने कहा है कि हम मानसून सर पर है। अगले महीने किसी भी समय बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में यदि सीवर और नाली जाम रहे तो हमारे घर डूब जाएंगे। इस बावत पालिका के सफाई निरीक्षक, सैलेश ठाकुर ने बताया कि बारिश के लिए तैयारी की जा रही है। साफ सफाई शुरू करा दी गई है। बारिश में पानी न लगे यह व्यवस्था कराई जाएगी। (साजिद अंसारी, 1400 बाइट, 7.35 बजे)