संवाद न्यूज एजेंसी
ज्ञानपुर। सांसद आदर्श ग्राम योजना के प्रति जिले के भाजपा सांसद उदासीन हैं। डॉ. विनोद बिंद को सांसद बने करीब सात माह हो चुके हैं, मगर उन्होंने अभी तक किसी गांव को गोद नहीं लिया है। डॉ. विनोद बिंद से पहले 2019 में भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए डॉ. रमेश बिंद ने सिर्फ गांव गोद लेने तक अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। हालांकि, 2014 में योजना शुरू होने के बाद तत्कालीन भाजपा सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने अपने कार्यकाल में पांच गांवों को गोद दिया था और विकास कार्य कराए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद आदर्श गांव योजना के तहत हर सांसद को एक एक गांव गोद लेकर हर तरह से संतृप्त करने का निर्देश दिया था। 2014 में इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरूआत हुई थी। शुरू में सांसदों का खूब उत्साह रहा। योजना शुरू होने के बाद भदोही के तीनों सांसद भाजपा के रहे हैं। 2014 में तत्कालीन सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने पांच साल में पांच गांवों को गोद लिया। उन्होंने डीघ ब्लॉक के कौलापुर गांव को गोद लिया था। यहां पर उन्होंने पेयजल टंकी स्थापना कराने के साथ-साथ कुछ जगहों पर सोलर लाइट व हैंडपंप लगवाए। इसके बाद सुरियावां ब्लॉक के कैड़ा गांव को गोद लिया। यहां करीब दो करोड़ से आरओ प्लांट स्थापित कराया। उचित रखरखाव न होने और पानी का बिल न जमा किये जाने के कारण यह परियोजना अब दम तोड़ चुकी है। तिलकनाथ बहुता घाट पर एक वरुणा नदी जौनपुर जोड़ने वाले पुल का निर्माण भी कराया। इसके अलावा, कई और कार्य कराए।
2019 के लोकसभा में डॉ. रमेश बिंद भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए। उन्होंने पांच सालों में पांच गांवों को गोद लिया, जिसमें भदोही के सरबतखानी, औराई के कोइलरा, डीघ के कुरमैचा, सुरियावां के पट्टीबेजांव और ज्ञानपुर का बैदा रहा। इन गांवों में विकास के एक भी काम नहीं हुए। 2024 के चुनाव में टिकट न मिलने पर उन्होंने भाजपा से बगावत कर सपा से मिर्जापुर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकें।
डॉ. विनोद बिंद ने अब तक नहीं लिया किसी भी गांव को गोद
भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद अब तक किसी भी गांव को गोद नहीं लिया है। सांसद निर्वाचित हुए उन्हें सात महीने हो गए हैं, लेकिन अब तक उन्होंने इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं की है। हालांकि जिले की समस्याओं को लेकर वह संसद में आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन गोद लेने के मामले में ये भी उदासीन बने हैं।
वर्जन
जहां तक मेरी जानकारी है। यह योजना अभी बंद नहीं है। ऐसे में अगर ऐसा कुछ है तो सांसद और अधिकारी दोनों से बात की जाएगी। - दीपक मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष, भदोही।