ज्ञानपुर। माह के अंत में संभावित टीजीटी-पीजीटी की परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सात केंद्रो का प्रस्ताव बनाया है। जिस पर अंतिम मुहर माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की ओर से लगाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज की ओर से टीजीटी-पीजीटी की परीक्षा कराई जाती है। अभी तक उक्त परीक्षा की तिथि तय नहीं हो सकी है, लेकिन विभाग का मानना है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में यह परीक्षा कराई जा सकती है। शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से पत्र भेजकर केंद्रो का प्रस्ताव मांगा गया है। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह यादव ने बताया कि पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए ज्ञानपुर में काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो ब्लॉक, जीआईसी ज्ञानपुर, औराई में केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज महराजगंज औराई जबकि भदोही में नेशनल इंटर कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सहित सात केंद्रों का प्रस्ताव बनाया गया है। एक से दो दिन में उसे निदेशालय भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने पर केंद्रो पर अन्य तैयारी को पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पालियों में 3500-3500 अभ्यर्थी शामिल होंगे।