भदोही जिले में मानवता को शर्मसार करने का मामला प्रकाश में आया है। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के देहाती गांव में झाड़ियों में नवजात मिला। उसे कुत्ते नोच रहे थे। ग्रामीणों ने देखा तो कुत्ते के मुंह से नवजात को छुड़वाया। अस्पताल में नवजात को मृत घोषित कर दिया गया। इधर, इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
नवजात को किस बेरहम इंसान ने झाड़ियों में फेंका, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा ग्रामीणों में है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार रात नहर किनारे झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। झांक कर देखा तो एक नवजात लहूलुहान हालत में झाड़ियों में पड़ा था। उसे तीन-चार कुत्ते नोच रहे थे।
कुत्ते के चंगुल से नवजात को आजाद कराया, लेकिन ज्यादा जख्मी होने के कारण उसकी जान चली गई। इस मामले में ज्ञानपुर कोतवाली प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने बताया कि झाड़ियों में नवजात मिलने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा गया लेकिन इस तरह की किसी घटना के होने का साक्ष्य नहीं मिला है।