ज्ञानपुर। परिवहन नियमों को दरकिनार कर बच्चों को लाने और ले जाने वाले डग्गामार स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। चेतावनी के बाद भी सुधार न होने पर शनिवार को परिवहन विभाग ने एक डग्गामार वाहन को सीज कर दिया जबकि छह का चालान किया। गाजियाबाद में एक स्कूली छात्र की मौत के बाद शासन डग्गामार वाहनों के खिलाफ सख्त हो गया है। करीब पखवारे भर से उप संभागीय परिवहन अधिकारी अरुण कुमार और पीटीओ शारदा प्रसाद मिश्र ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही समेत अन्य क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान कई वाहनों के फिटनेस फेल मिले तो कई स्कूली मानक को पूरा करते नहीं पाए गए। शुरूआती दौर में विभागीय स्तर से चेतावनी दी गई, लेकिन संचालकों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। इसके मद्देनजर शनिवार को उप संभागीय परिवहन अधिकारी और यात्रीकर अधिकारी ने गोपीगंज और ज्ञानपुर में 40 स्कूली वाहनों की जांच की। इसमें एक वाहन का फिटनेस फेल मिलने पर उसे सीज कर दिया जबकि मानक पूरा न करने पर छह वाहनों का चालान किया। एआरटीओ ने कहा कि शासन के निर्देश पर अभियान जारी है। फिटनेस फेल मिलने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।