औराई तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायत सुनतीं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी बाएं से त?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। डीएम साहब... मेरी बहन दिव्यांग है। उसका राशन कार्ड नहीं बना है। बनवाने के लिए तहसील, ब्लाक का चक्कर लगा रहा हूं। डीएसओ के दफ्तर भी गया, लेकिन वहां भी संतुष्टि नहीं मिली। अधिकारी केवल यहां से वहां दौड़ा रहे हैं। महदेवा निवासी विनय मिश्रा की यह फरियाद सुनकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की भौहें थोड़ी तन सी गईं। उन्होने एसडीएम की ओर देखा और डीएसओ को आवाज लगाई। कहा कि इनके मामले का निस्तारण यथाशीघ्र कराएं। देखें कि आखिर इतने दिन से क्यों इतने दिन से मामला पेंडिंग में है। औराई तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में इस तरह के कई मामले आए। जिनके त्वरित निस्तारण के लिए डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों केे निर्देश दिया। इसी तरह जेठूपुर निवासी शीला देवी ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि पड़ोस में किसी से विवाद चल रहा था। उसी बीच में ग्राम प्रधान का लड़का आया और मेरे लड़के को मारने पीटने लगा। इसकी सूचना जब थाने में लेकर गई तो वहां से लौटा दिया गया। इस पर एसपी डॉ. अनिल कुमार ने वहां के सीओ को मामला देखने के लिए कहा। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजस्व के मामलों को लेकर सख्त दिखीं। उन्होंने कई मामलों में त्वरित निस्तारण और कई में जांच करके निस्तारण करने के लिए कहा। तीनों तहसीलों में कुल 205 मामले आए, जिसमें से 27 मामलों का निस्तारण किया गया। ज्ञानपुर के सदर तहसील में आए 50 मामलों में से तीन, भदोही तहसील के 76 में से 12 और औराई तहसील में आए 79 मामलों में से 12 का निस्तारण मौके पर हुआ। एसपी डा.अनिल कुमार ने कहा कि इस तरह के दिवसों में सबसे अधिक जमीन के विवादित मामले आते हैं। मामलों के निस्तारण में बरती जा रही सुस्ती के कारण फरियादी बार-बार चक्कर लगाते हैं जो उचित नहीं है। तिलोकपुर के सुदामा ने बताया की धारा 24 की पैमाइश के लिए कई महीने से दौड़ रहा हूं, लेकिन आज तक पक्की पैमाइश नहीं की गई और मुझे परेशान किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने एसडीएम को तुरंत मामले के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। गोहिलांव के राहुल पटेल ने कहा कि मेरी भूमिधरी जमीन है जिसमें कुछ अधिकारियों के मिलीभगत से रास्ता निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक मैं 20 बार प्रार्थना पत्र दे चुका हूं किंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। गोहिलांव के ही दीपचंद पटेल ने बताया कि मेरी भूमि धरी जमीन है जब मैं निर्माण कर रहा था तो कुछ लोग ऐतराज करने लगे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची उल्टे मुझे उठा ले गई और मेरा चालान कर दिया। इस मामले में डीएम ने सोमवार तक निस्तारण के लिए एसडीएम को कहा है।
जिला अस्पताल में आग से बचाव के लिए प्रशिक्षित करते अग्निशमन अधिकारी ओम प्रकाश। संवाद- फोटो : BHADOHI