ज्ञानपुर। जिले के दशरथपुर पलवारपुर में जिले का दूसरा पंचायत उत्सव भवन बनेगा। इसके निर्माण पर 1.41 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके पूर्व भदोही के बौरीबोझ में पहला उत्सव भवन स्वीकृत हुआ था। उत्सव भवन औराई विधानसभा में मल्लूपुर में बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव पंचायत राज विभाग ने शासन को भेज दिया है। इन उत्सव भवनों में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए निजी गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिले में 546 ग्राम पंचायतें हैं। गांव को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की पहल शासन स्तर से की जा रही है। इसके लिए सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन का निर्माण पहले किया जा चुका है। अब जिले की तीनों विधानसभा में एक-एक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण होना है। साल 2025 में इसकी कवायद शुरू की गई। भदोही विधानसभा में बौरीबोझ, ज्ञानपुर में पहले पाली और बाद में दशरथपुर पलवारपुर का नाम पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया। औराई के मल्लूपुर में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित की गई। इसके निर्माण पर एक करोड़ 41 लाख रुपये खर्च होंगे। शासन ने बौरीबोझ के साथ ही दशरथपुर पलवारपुर के लिए 2.82 करोड़ रुपये स्वीकृत कर भेज दिया है। पंचायत उत्सव भवन दो मंजिला बनेगा। इसमें निजी गेस्ट हाउस की तरह उत्कृष्ट सुविधाएं होंगी। इस भवन में मांगलिक कार्यक्रमों में जरूरी व आने वाले मेहमानों के लिहाज से सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। गांव के आर्थिक रूप से कमजोर माता-पिता बेटियों के विवाह पर अब प्राइवेट गेस्ट हाउस के समान इन उत्सव भवनों में शादी कर सकेंगे। चार से पांच हजार के मामूली शुल्क पर लोग आयोजन कर सकेंगे। डीपीआरओ संजय कुमार मिश्रा का कहना था कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पंचायत उत्सव भवन बनना है। जिस पर सवा चार करोड़ की लागत आएगी। बौरीबोझ और दशरथपुर पलवारपुर के लिए धनराशि मिल गई है। इसके निर्माण के लिए टेंडर कराया जा रहा है। मल्लूपुर के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा।