भदोही विद्युत वितरण खंड कार्यालय में उच्चाधिकारी से गाली गलौज करने के मामले में एसडीओ बिजली निगम बलवीर यादव पर विभागीय कार्रवाई हो गई। शनिवार को एसडीओ को निलंबित कर दिया गया। दो दिन पूर्व कार्यालय में गाली गलौज का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया।
जिले में विद्युत निगम के दो उपखंड कार्यालय हैं। जिसमें ज्ञानपुर और भदोही शामिल हैं। किसी न किसी मामले को लेकर निगम कार्यालय अक्सर विवादों में रहा है। दो दिन पूर्व भदोही कार्यालय में एसडीओ का उच्चाधिकारी को गाली गलौज देते हुए एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह एक्सईएन के दफ्तर में दरवाजे को पीटते और गाली गलौज करते दिखा।
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में खलबली मच गई थी। अधीक्षण अभियंता ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आला अधिकारियों को अवगत कराया। एमडी के निर्देश पर शनिवार को एसडीओ बलवीर यादव को निलंबित कर दिया गया। अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने कहा कि अनुशासनहीनता में एसडीओ को निलंबित किया गया है।
स्थानांतरित बाबू पर मेहरबानी पर उठे सवाल
भदोही विद्युत उपखंड कार्यालय में एसडीओ को अनुशासनहीनता में निलंबित कर दिया गया, लेकिन वहां पर तैनात बाबू संतोष श्रीवास्तव को स्थानांतरण के तीन महीने बाद भी रिलीव नहीं किया गया। इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसकी शिकायत भी मुख्यमंत्री कार्यालय तक कर दी गई है।