घोसिया। उपजिलाधिकारी औराई रमेश कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत खमरिया कार्यालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की हकीकत देखी। अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। बताते हैं कि गत दिनों नगर प्रशासन की ओर से प्रस्तावित बोर्ड की बैठक में सभासदों से दुर्व्यवहार, मनमानी ढंग से टेंडर का प्रस्ताव पारित करने आदि की शिकायत सभासदों ने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और एसडीएम तक पहुंचाई थी, जिसको गंभीरता से लेकर हकीकत खंगालने एसडीएम पहुंच गए। जांच के बाद बैठक, प्रस्ताव रजिस्टर, शासन से प्राप्त धन से हुए विकास कार्य, स्वच्छता अभियान, नाली-नाला, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अलाव आदि की क्रमवार समीक्षा की। जांच की सूचना पर पहुंचे सभासदों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली से रूबरू कराते हुए मनमानी की शिकायत सामने रखी, जिस पर उपजिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। बोर्ड की बैठक की सूचना देने, चेयरमैन की उपस्थिति में बैठक कराने, किसी बाहरी व्यक्ति का हस्तक्षेप न होने और सर्वसम्मति से तैयार प्रस्तावों को सभासदों की सहमति लेने का निर्देश दिया। तत्पश्चात उन्होंने अधिशासी अधिकारी के साथ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर विजय कुमार यादव, श्याम बहादुर पटेल, राहुल शुक्ला, मैनुद्दीन अंसारी, श्यामलाल बिंद, राकेश द्विवेदी, रिजवान अंसारी, वकील अहमद, जयप्रकाश मोर्य, रत्नेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।