ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर पवन एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों की जांच करते चिकित्सक।
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। अनलॉक के दूसरे दिन बुधवार को भी ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर गहमागहमी रही। मजिस्ट्रेट देवेंद्र यादव की देखरेख में मुंबई और सिकंदराबाद से लौटे 62 और बिहार जाने वाले 7 कुल 69 यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराकर यात्रियों को भेजा गया। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे सुरक्षा बल के साथ सिविल पुलिस के जवान तैनात रहे। यात्रियों की जांच में लगे स्वास्थ्य कर्मी पूरी सुरक्षा कीट के साथ ही अपनी जिम्मेदारी निभाते देखे गए।
केंद्र सरकार के निर्देश पर लॉकडाउन में फंसे प्रवासियों को लाने के लिए एक जून से ही दो सौ ट्रेनों के चलाने का निर्णय लिया। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रामबाग रेल खंड स्थित ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर स्टॉपेज लेकर चलाई जा रही ट्रेन संख्या 011061 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दरभंगा पवन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 12.11 और सिकंदराबाद से दानापुर जा रही 02791 दानापुर एक्सप्रेस 12.36 बजे स्टेशन पहुंची। 62 यात्रियों ने सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए उतर कर जांच कराकर घर के लिए रवाना हुए। पवन एक्सप्रेस से एक और दानापुर एक्सप्रेस के छह यात्रियों ने भी जांच कराया।
कार्यवाहक स्टेशन मास्टर अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि उक्त दोनों ट्रेनों का स्टॉपेज मिलने से यात्रियों को चढ़ने-उतरने में राहत मिल रही है। स्टेशन पर गोले बनाकर सैनिटाइज, सोशल डिस्टेंस का पालन का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तहसीलदार देवेंद्र यादव पूरी टीम के साथ चक्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। विकास कुमार बिंद, सनी गुप्ता, रितेश कुमार, सचिन बिंद, बालेश्वर, धीरेंद्र बिंद, सुशील बिंद, अनिल कुमार श्रीवास्तव, अमरेश पांडेय, रमाशंकर यादव, सीएचसी से अमित कुमार, सोनपाल ने जांच से लेकर यात्रियों में खाना-पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखी। सुरक्षा के लिए रेलवे पुलिस के कृष्णदेव राय, हरिवंश सिंह यादव, रामाधार पटेल, चौकी इंचार्ज दयाशंकर ओझा टीम के साथ मुस्तैद रहे।