ज्ञानपुर। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एससी-एसटी अत्याचार निवारण के लिए मानीटरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें एससी-एसटी के संरक्षण पर चर्चा की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव ने कहा कि 2022-23 में शासन स्तर से 55 लाख आवंटित किया गया, जिसमें 54 लाख 31 हजार रुपये व्यय हो चुका है। तीन प्रस्तावों के भुगतान का कार्य लंबित है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से कुल 40 प्रस्तावों में 37 प्रस्तावों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण के व्यक्तियों पर विभिन्न प्रकार के अपराध की प्रकृति जैसे साधारण मारपीट, जाति सूचक शब्द, छेड़छाड़, लैंगिक शोषण, बलात्कार, हत्या, मृत्यु पर आर्थिक सहायता का प्रावधान है। उपर्युक्त मामलों में क्षेत्राधिकारी स्तर से अनुशासित उपरांत पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से अपराध की प्रकृति पर आर्थिक सहायता प्रदान किया जाता है।