महाराष्ट्र में मैराथन जीतने के बाद प्रसन्न भदोही के धावक सतीश वर्मा। स्रोत: स्वयं
सीतामढ़ी। डीघ ब्लॉक के नारेपार के लाल सतीश वर्मा ने महाराष्ट्र में भदोही का झंडा गाड़ दिया है। उन्होंने गोंदिया में आयोजित मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। उन्होंने 21 किलोमीटर की दौड़ महज एक घंटा चार मिनट में पूरी की। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
खेल दिवस के अवसर रविवार की सुबह चार बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम, गोंदिया में आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न शहरों के धावकों ने भाग लिया। नारेपार निवासी रामचंद्र वर्मा और निर्मला देवी के बेटे सतीश इसके पूर्व भी कई मैराथन दौड़ में पहला स्थान प्राप्त कर चुके हैं। मैराथन में सतीश की जीत की खबर नारेपार गांव पहुंचते ही खुशी का माहौल हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह और ग्राम विकास अधिकारी संजय सिंह चौहान समेत कई ग्रामीण सतीश के माता-पिता को बधाई देने उनके घर पहुंचे। जहां लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।