कुरमैचा में जीत के बाद सरपतहां की वालीबाल टीम। स्रोत: संगठन
ऊंज। जिला वॉलीबाॅल एसोसिएशन (डीबीए) की ओर से कुरमैचा के महावीर स्टेडियम में आयोजित वॉलीबाॅल प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को देर रात तक चला। रोमांचक मुकाबले में सरपतहां की टीम ने ऊंज को हराकर विजेता बनी। टूर्नामेंट का शुभारंभ समाजसेवी विजय कुमार बिंद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करता है। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में सरपतहां ने सीतामढ़ी को 25-17 व 25-20 से लगातार दो सेटों में हराया। दूसरे सेमीफाइनल में ऊंज ने युवा क्लब बरईपुर को 25-19 व 25-21 से शिकस्त दी। फाइनल मुकाबला ऊंज व सरपतहां के बीच खेली गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-एक अंक के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष किया। दर्शकों की तालियों और उत्साह के बीच खेले गए इस मुकाबले में यूथ क्लब सरपतहां ने ऊंज को 25-23, 23-25, 25-23 से पराजित कर सीतामढ़ी टेस्ट लीग ट्रॉफी अपने नाम कर ली। निर्णायक की भूमिका में लेखराज यादव, संतोष गुप्ता, अनिल सरोज, राजकुमार उपाध्याय, सुभाष यादव, अतुल शुक्ला, अनुज यादव एवं अक्षय गिरी रहे। एसोसिएशन के संस्थापक सृष्टि नारायण सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर डॉ. सुभाष चंद्र यादव, माता स्वरूप शुक्ला, शैलेंद्र यादव, डॉ. ओम प्रकाश बिंद, सचिन यादव, योगेश कुमार बिंद, रवि यादव, संजय यादव, गोविंदा यादव आदि रहे।