भदोही नगर से सटे सरोई में आठ करोड़ 68 लाख की लागत से वूलयार्न प्रोसेसिंग सेंटर की स्थापना होगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनलाइन शिलान्यास किया। एक जिला एक उत्पाद के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री का संवाद सुनने के बाद भाजपा विधायकों और डीएम ने रोजगार सृजन के लिए विभिन्न योजनाओं से उद्यमियों को ऋण वितरित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत योजना अभियान के तहत प्रदेश सरकार की ओर से स्वरोजगार, रोजगार सृजन के लिए उद्यमियों और युवाओं को ऋण दिया गया। मंगलवार को लखनऊ में आयोजित मेले में मुख्यमंत्री ने नौ जिलों में सुविधा केंद्र का शिलान्यास किया। जिसमें भदोही नगर के सरोई में आठ करोड़ 68 लाख की लागत से बनने वाले वूलयार्न प्रोसेसिंग फैसिलिटी सेंटर भी शामिल रहा। भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, डीएम आर्यका अखौरी, एसपी रामबदन सिंह, सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने लाभार्थियों को ऋण और टूलकिट वितरण किया। एक जनपद, एक उत्पाद के मार्जिन मनी योजना में सुधा मिश्रा कार्पेट सिटकी को कालीन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 50 लाख, अगरबत्ती निर्माण के लिए विकास चंद्र साहू आजाद नगर नई बस्ती को 15 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में सौरभ जायसवाल निवासी मर्यादपट्टी को 25 लाख दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में अनीता मौर्या को प्रशिक्षण ट्रेड सिलाई में प्रशिक्षण और टूलकिट का वितरण हुआ। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप, एकमा अध्यक्ष ओमकारनाथ मिश्र, जाबिर बाबू, एलडीएम उमेश कुमार आदि रहे।