जिला धोबी कल्याण समिति की ओर से रविवार को धोबी समाज के एकमात्र संत गाडगे जी महराज की जयंती मनाई गई। सुबह 11 बजे नगर के मुखर्जी पार्क से निकाली गई संत गाडगे की शोभायात्रा में जनपद के सैकड़ों धोबी समाज के लोगों ने शिरकत की। शोभायात्रा में शामिल धांसू धोबी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
शोभायात्रा के दौरान कलाकारों की ओर से प्रस्तुत की जा रही धोबी नृत्य और संगीत का लोग लुत्फ लेते दिखे। इसके चलते ज्ञानपुर में मेन रोड पर भारी भीड़ लगने से जाम लगा रहा। जिलाध्यक्ष बाबूराम कन्नौजिया के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा दीवानी कचहरी, दुर्गागंज त्रिमुहानी होते हुए नगर में भ्रमण किया, इसके बाद यात्रा तहसील रोड होते हुए मुखर्जी पार्क में पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद आयोजित सभा में स्वजातीय बंधुओं को संत गाडगे के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया गया। जिससे पूरी तरह से उत्थान हो और विकास भी कर सके। वक्ताओं ने धोबी समाज को शिक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बाबूराम, महामंत्री दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष ज्ञान प्रताप, लालचंद, संतराम, राजेंद्र प्रसाद, परमात्मा प्रसाद, राम तवंकल, रमेश प्रधान, शिव कुमार, फूलचंद, मोहन लाल आदि मौजूद रहे। गोपीगंज संवाददाता के अनुसार, स्थानीय बड़े शिवमंदिर पर संत गाडगे की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर धोबी समाज के वरिष्ठ लोगों को शाल देकर सम्मानित भी किया गया। मौके पर धोबी समाज के इकाई अध्यक्ष कृष्ण मुरारी प्रधान, विधानसभा अध्यक्ष पारसनाथ, विजय शंकर, श्यामलाल, विशुन प्रधान, प्रकाश चंद्र, श्रीचंद्र, मौलन, तौल, मुन्ना, रमेश, लालजी, नंदलाल आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।