माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की ओर से साल 2025 में होने वाली प्रथमा से लेकर उत्तर मध्यमा तक की परीक्षा के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। परिषद की तरफ से केंद्र तय हो गए हैं। इसमें करीब 725 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 2024 की परीक्षा से करीब 400 परीक्षार्थी कम हो गए।
जिले में कुल 19 संस्कृत माध्यमिक और महाविद्यालय है। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी संग संस्कृत बोर्ड के केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में तीन केंद्र प्रस्तावित कर इसके लिए आपत्तियां मांगी गईं। करीब 10 आपत्तियां विद्यालयों की तरफ से दी गईं। जिसे विभाग और परिषद के माध्यम से निस्तारित कर तीन केंद्र फाइनल कर दिए गए।
तीनों तहसील में तीन केंद्र बनाए गए हैं। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि प्रथम और उत्तर मध्यमा स्तर की परीक्षा के लिए ज्ञानपुर तहसील में श्री राजाराम संस्कृत महाविद्यालय जखांव, औराई में रामेश्वर संस्कृत महाविद्यालय उगापुर और भदोही तहसील में श्री संकट मोचन संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरियावां को केंद्र बनाया गया है।
तीनों केंद्रों पर कुल 725 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि पिछले साल परीक्षार्थियों की संख्या 1100 से अधिक थी। इस बार घटकर कम हो गई है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तरह कंट्रोल रूम, कक्ष निरीक्षक समेत अन्य व्यवस्थाएं केंद्रो पर की जाएंगी।