ज्ञानपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर महिला की फरियाद सुनते डीएम राजेंद्र प्रसाद दाएं।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। तहसीलों में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एक बार फिर खानापूर्ति में ही निपट गया। तीनों तहसील में आए 217 प्रार्थना पत्रों में मात्र 10 का निस्तारण हो सका। 207 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करने के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। ज्ञानपुर तहसील में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 89 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें मात्र एक का निस्तारण हो सका। डीएम ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस विभाग के लोग मिलकर जमीन से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण करें। एक सप्ताह में सभी प्रार्थन पत्र का निस्तारण कराएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी सरकारी भूमि का अतिक्रमण हुआ है उसे हटवाएं। लापरवाही बरतने वाले दंडित होंगे। इस मौके पर एसपी रामबदन सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एसडीएम ज्ञान प्रकाश यादव, उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह, डीआईओएस अशोक चौरसिया, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह आदि रहीं। औराई तहसील में उप जिलाधिकारी चंद शेखर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। कुल 65 प्रार्थना पत्रों में पांच निस्तारित हुए। औराई विधायक दीनानाथ भास्कर भी पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दिया कि आम जन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लेखराज सिंह, तहसीलदार मृत्युंजय सिंह, नायब तहसीलदार ज्ञान प्रकाश, बीडीओ श्यामजी, पशु चिकित्सा अधिकारी अमित कुमार दूबे आदि रहे। भदोही तहसील में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें चार का निस्तारण हुआ। इसमें सबसे अधिक शिकायत राजस्व की 22, पुलिस की 21, बिजली के पांच और ब्लॉक के पांच प्रार्थना पत्र शामिल रहे। इसी तरह तहसील ज्ञानपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल श्रमिक प्रेमनाथ पुत्र पंचम निवासी अमिलहरा और सुनीता देवी को 55-55 हजार का चेक दिया। दोनों ने अपने घर पर ही कन्याओं की शादी की थी।