ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण का दायरा भले ही थमा न हो, मगर मरीज मिलने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। हालांकि सैंपलिंग में कोई कमी नहीं है। बुधवार को जिले में कोरोना के दो संक्रमित मरीज सामने आए। जबकि 705 लोगों के स्वैब का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
कोरोना वायरस कोविड-19 का असर पूर्व के मुकाबले कमजोर पड़ा है। यह हम नहीं स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं। विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकतम छह से सात मरीज ही सामने आए, जबकि इससे पूर्व यह संख्या 50 के ऊपर तक पहुंच गई थी। गौरतलब है कि जिले में अब तक कुल 1964 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। जबकि 1860 डिस्चार्ज होकर घर लौट चुके हैं। बुधवार को भी पांच मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। हालांकि 68 मरीज अब भी एक्टिव हैं। अब तक 18 मरीजों की मौत कोरोना से हो चुकी है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक अब तक जिले में 66743 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 65270 लोगों की जांच रिपोर्ट विभाग को मिल चुकी है। सैंपलिंग का सिलसिला जारी है। बुधवार को 705 मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया।