ज्ञानपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर रविवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पुलवामा में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। दो मिनट का मौन धारण कर उनकी शहादत को याद किया गया। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ ही कैंडल जुलूस निकाला गया।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में रोवर्स- रेंजर्स के छात्र-छात्राओं की ओर से प्रोफेसर कॉलोनी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद 44 जवानों को नमन किया गया। जवानों की याद में पौधरोपण करने संग कैंडल जलाकर उन्हें याद किया गया। रोवर्स प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार ने कहा कि आज पाश्चात्य देश वैलेंटाइन डे मना रहे हैं, लेकिन भारत ने इसी दिन अपने वीर सपूतों को खोया है। इसलिए हमने आज वैलेंटाइन डे नहंी मना कर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन रखा। इस मौके पर राखी मौर्या, कोमल मौर्या, अमित कन्नौजिया, विशाल मौर्य, विकास यादव, अजीत यादव, धर्मेंद्र प्रजापति, अजय यादव आदि रहे।
लालानगर संवाददाता के अनुसार, औराई के लालानगर में आलोक फाउंडेशन की ओर से श्रद्धांजलि सभा कर पुलवामा में शहीद जवानों को याद किया गया। संस्था के निदेशक ए एल बिंद ने शहीद सैनिकों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए बच्चों को सीख दी। राजेश शर्मा ने बताया कि आंतकियों के हमले में हमने 44 जवान खोए थे। इस मौके पर रजनी तिवारी, कशिश तिवारी, आशीष कुमार सरोज, अमित बिंद और नंद गोपाल आदि रहे। दुर्गागंज संवाददाता के अनुसार, अभोली ब्लॉक के दानूपुर बाजार में लोकतंत्र रक्षक सेनानी अभिषेक सिंह राजपूत के आवास पर श्रद्धांजलि सभा कर पुलवामा में शहीद जवानों को याद किया गया। इसके बाद कैंडल मार्च शहीद झूरी सिंह स्मारक से दानुपुर बाजार तक निकाला गया। युवाओं ने कहा किपुलवामा में शहीद हुए जवानों कि इस अपूरणीय क्षति को कभी पूरी नहीं की जा सकता। इस मौके पूर्व मेजर कालीचरन सिंह, श्रीनाथ सिंह, कल्लू सिंह, संतोष सिंह, निरंजन सिंह, राज कुमार बिंद, डीएम बिंद आदि रहे।