ज्ञानपुर। सीएमओ डॉ. एसके चक ने रविवार को लालानगर, मानिकपुर स्वास्थ्य केंद्र पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। वहां लापरवाही बरतने पर फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय सहित छह स्वास्थ्यकर्मियों का सात दिनों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य मेले में 1765 मरीजों का उपचार किया गया। फार्मासिस्ट शिव नारायण सिंह, अनिल कुमार, वार्ड बाॅय सुनील सहित कुल छह स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर रोका गया। लालानगर पीएचसी पर स्टॉक बुक में 111 दवाएं उपलब्ध मिलीं। केंद्र के बाहर साफ-सफाई दुरुस्त न होने पर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की। इसे लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम मौर्या को फटकार लगाई। यहां होम्योपैथी का स्टाॅल नहीं लगा था। मानिकपुर में केंद्र के सामने बड़ी-बड़ी जंगली घास उगी थी। रविवार को जिले के 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन अरोग्य मेला लगाया गया, जिसमें 1765 मरीजों का उपचार किया गया। जंगीगंज पीएचसी पर दोपहर तक 34 मरीज देखे गए। मेले में सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही, जिन्हें जांच कर दवा दी गईं। चिकित्सकों बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की नसीहत मरीजों को दी।