ज्ञानपुर। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लापरवाही बरतने पर डीएम शैलेष कुमार ने सख्ती शुरू कर दी है। सभी ईओ, सीएचसी अधीक्षक, डीपीआरओ, एसीएमओ समेत 32 अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन ली जा रही है। शनिवार को डीएम ने डीपीआरओ, बीएसए, एसीएमओ, सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के ईओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक, डीपीएम, बीपीएम, बीसीपीएम, डीसीपीएम व शहरी संयोजक का वेतन रोक दिया।
अभियान की मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने को लेकर सीएमओ, डीएमओ को चेतावनी दी गई है। पंचायत राज विभाग की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों में नाले- नालियों की सफाई, स्वच्छता संबंधी अन्य कार्यों के प्रति लापरवाही बरती गई है। इसी तरह अधिशासी अधिकारी का शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, फॉगिंग न होने पर वेतन रोका गया है। शिक्षा विभाग बच्चों को जागरूक करने में लापरवाही बरत रहा है। स्वास्थ्य विभाग वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम के लिए परिवारों को सजग करने में पीछे रहा। आशा वर्कर ई-कवच पोर्टल पर बीमारी के लक्षण वाले व्यक्तियों की सूचना अपलोड करने में उदासीनता बरत रही हैं।