सफाई कर्मी संघर्ष समिति का अनशन बुधवार को विकास भवन में 296वें दिन भी जारी रहा। समिति की अध्यक्ष दिव्या पाठक ने कहा कि 13 वर्ष बीतने वाला है बावजूद इसके सरकार नियुक्ति पत्र नहीं दे सकी। बताया कि 12 वर्ष पहले सभी जिलों में एक साथ सफाई कर्मी के लिए आवेदन मांगा गया था। सिर्फ भदोही जिले को छोड़कर अन्य प्रदेशों में भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई। तब से अब तक अभ्यर्थी संघर्ष कर रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अभ्यर्थियों के हित में कोई पहल नहीं कर सके। जबकि मामले में हाईकोर्ट, मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, सांसद, विधायक, अधिकारियों ने आश्वासन भी दिया है उसी उम्मीद को लेकर अनशन किया जा रहा है कि कभी उनके दिन लौटेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर रंजन पाठक, राजकुमार, दिनेश कुमार, सुरेंद्र, छोटेलाल यादव, उमाशंकर पांडेय, उमेश तिवारी, रामप्यारे पांडेय, विकास सिंह आदि रहे।