जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। छठवीं कक्षा के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत 2506 छात्र-छात्राओं में 1025 अनुपस्थित रहे। छठवीं कक्षा की प्रत्येक सीट के लिए 18 दावेदार हैं। कोरोना वायरस के कारण इस साल कम छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया। बुधवार को 13 केंद्रों पर परीक्षा को लेकर सुबह 10 बजे से छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक पहुंचने लगे। 11.30 से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा शुरू हुई। डीएम के नामित मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक केंद्रों पर चक्रमण करते रहे। कोविड गाइलाइन के मद्देनजर विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज भदोही समेत कई केंद्रों पर मुख्य गेट पर छात्र-छात्राओं के हाथों को सैनिटाइज कराया गया। नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य सीएम सिंह ने बताया कि पंजीकृत 2506 छात्र-छात्राओं में 1025 अनुपस्थित रहे। पूर्व के वर्षों के तुलना में आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या आधी थी। रिजल्ट घोषित होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।