भदोही। पुलिस को 11 हजार 800 रुपये छिनैती हो जाने की झूठी सूचना देना एक दंपती को महंगा पड़ा। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की तो पता चला कि रुपये जमा न करना पड़े, इसलिए झूठी कहानी गढ़ी गई थी। पुलिस ने रुपये भी बरामद कर लिया और तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान भी कर दिया।
चौरी क्षेत्र के मानिकपुर गांव की एक चिटफंड कंपनी में बीसी का संचालन हो रहा है। ग्राम रयां की सीमा देवी उसकी सदस्य है। सीमा ने अपने ही गांव के राजेश सरोज पुत्र देवराज सरोज को भी उसमें सदस्य बना लिया था। लेकिन, किसी कारणवश राजेश रुपये जमा नहीं कर पा रहा था। जबकि उस पर पैसे जमा करने का दबाव बढ़ रहा था। कोतवाल ने बताया कि राजेश अपनी पत्नी सन्नो के साथ दोपहर में आया और बताया कि वह 11 हजार 800 रुपये जमा करने पत्नी के साथ मानिकपुर जा रहा था। तभी फत्तूपुर मोढ़ रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने उनके रुपये छीन लिए।
कोतवाल ने बताया कि छानबीन के बाद हमें इन्हीं तीनों पर शक हुआ तो सीमा और पति-पत्नी को कोतवाली उठा लाए। पूछताछ में पता चला कि रुपये उन्हीं के पास थे और झूठी अफवाह फैलाई गई। मामले में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।