ज्ञानपुर। जिले में गरीब बच्चों के निजी स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया दो महीने में तीन चरणों में पूरा कराई जाएगी। निदेशालय की ओर से आवेदन लेने की तिथि तय कर दी गई है। दो फरवरी से पहले चरण की शुरुआत की जाएगी। इस बार दो महीने में ही आवेदन के साथ सत्यापन, प्रवेश की गतिविधियां पूरी कराई जाएगी। आरटीई के तहत कॉन्वेंट विद्यालयों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। जिनके पढ़ने से लेकर कॉपी-किताब तक का खर्च शासन स्तर से वहन किया जाता है। पिछले दो साल से एक दिसंबर से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन इस बार 15 जनवरी के बाद तिथि तय की गई। इस बार दो महीने में तीन चरणों की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पहले चरण में दो से 16 फरवरी तक आवेदन लेने के साथ सत्यापन किया जाएगा। 18 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। 20 को विद्यालय आवंटित होगा। दूसरे चरण में 21 फरवरी से सात मार्च तक आवेदन, सत्यापन और डॉटा लाॅक किया जाएगा। नौ मार्च को लॉटरी और 11 मार्च को विद्यालय आवंटित होगा। तीसरे चरण में 12 से 25 मार्च तक आवेदन, 27 मार्च को लॉटरी और 29 को स्कूल आवंटित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि तीन चरणों में आवेदन की तिथि तय हो गई है। ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद सभी प्रक्रिया तिथिवार पूरी की जाएगी।