ज्ञानपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत तीसरे चरण में 613 बच्चों को कान्वेंट विद्यालयों में प्रवेश मिलेगा। सोमवार को डीआईओएस कार्यालय में डीआईओएस अंशुमान की देखरेख में तीसरे चरण की लॉटरी खोली गई। 1041 आवेदन के सत्यापन में 396 निरस्त हो गए, जबकि 645 में 613 का चयन हुआ। पहले और दूसरे चरण में 2035 बच्चों का पहले ही चयन हो चुका है। सभी का प्रवेश अप्रैल में शुरू होगा।
आरटीई के तहत कॉन्वेंट विद्यालयों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। जिनके पढ़ने से लेकर कॉपी-किताब तक का खर्च शासन स्तर से वहन किया जाता है। शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए एक दिसंबर से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पहले चरण में एक से 19 दिसंबर तक कुल 2584 आवेदन आए।
सत्यापन में करीब आठ सौ आवेदन निरस्त हो गए। 1700 आवेदनों की लॉटरी में 1283 बच्चों का चयन किया गया। दूसरे चरण में दूसरे चरण में एक जनवरी से लेकर 27 जनवरी तक सभी प्रक्रिया पूर्ण की गई। जिसमें करीब 884 बच्चों का चयन लॉटरी विधि से चयन किया गया। तीसरे चरण में बच्चों के चयन की कवायद चल रही थी। इसमें 1041 बच्चों ने आवेदन किया। ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर सत्यापन के बाद 645 आवेदन वैध मिले।
सोमवार को डीआईओएस कार्यालय में लॉटरी खोली गई। इसमें 613 बच्चों का चयन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि तीसरे चरण में कुल 1041 आवेदन आए। सत्यापन में 396 आवेदन निरस्त हो गए। 613 बच्चों का चयन हो गया है। सभी चयनित बच्चों को एक अप्रैल से प्रवेश दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक मार्च से चौथे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी।