गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड स्टेशन के पूर्वी फाटक को तोड़कर भागे ट्रैक्टर चालक तक आरपीएफ के हाथ दूसरे दिन भी नहीं पहुंच सके। वहीं मंगलवार की शाम श्रमिक स्पेशल ट्रेन से कूदकर भाग रहे प्रवासियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्टेशन पर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। पुलिस ने 15 प्रवासियों को हिरासत में लेकर बुधवार को चिकित्सकीय जांच कराई।
मंगलवार की शाम प्रयागराज से वाराणसी जा रही मालगाड़ी को पास कराने के लिए गेटमैन जैसे ही फाटक को बंद कर रहा था, वैसे ही तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बूम में जोरदार टक्कर मारते भाग निकला था और बूम टूटने के कारण कई ट्रेनों को काशन पर चलना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेकर आरपीएफ ने लिखापढ़ी कर चालक और ट्रैक्टर की तलाश में जुटी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। बूथ टूटने के चलते राजकोट-गुजरात से प्रवासी मजदूरों को लेकर वाराणसी जा रही श्रमिक स्पेशल जैसे ही स्टेशन पर रुकी वैसे ही सौ की संख्या में प्रवासी मजदूर उतर कर भागने लगे।
हरकत में आई रेलवे पुलिस की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी डीएस ओझा ने जनपद के मोढ़, ज्ञानपुर, सुरियावां निवासी 15 लोगों को हिरासत में लेकर जांच कराने के बाद घर भेज दिया। स्टेशन पर क्रॉसिंग और विभिन्न कारणों से रुक रहीं श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से उतर रहे मजदूरों के मामले को गंभीरता से लेकर सुरक्षा बढ़ा दी है। आरपीएफ प्रभारी राजेश कुमार का कहना रहा कि रात में ही टूटे बूम को ठीक कराकर ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया है और स्टेशन पर उतरने वाले प्रवासी मजदूरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।