संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। जिले में भदोही रोडवेज बस डिपो का रास्ता लगभग साफ हो चुका है। मूंसीलाटपुर में करीब 2.6580 हेक्टेयर में भदोही रोडवेज डिपो की स्थापना होगी।
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से जमीन चिह्नित कर उसकी मंजूरी दे दी गई है। एसडीएम ने उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर जमीन चिह्नांकन की जानकारी दी।
वहीं शासन की ओर से निर्धारित वार्षिक मालगुजारी जमाकर उक्त जमीन को रोडवेज बस डिपो के नाम पर दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है।
जिले में लंबे समय से रोडवेज के बस डिपो की मांग हो रही है। इसके लिए आम जन से लेकर जनप्रतिनिधि भी काफी समय से प्रयासरत हैं।
वाराणसी से कटकर 30 जून 1994 को नया जिला बनने के बाद से ही जिले में रोडवेज बस डिपो की मांग उठ रही थी। जिला बनने पर यहां बसें तो चलाई गईं, लेकिन डिपो न रहने के कारण रोडवेज परिवहन की व्यवस्था नाकाफी रही। स्थिति यह है कि जिले में रात्रि में एक भी बस नहीं रुकती है।
एक दो बसें आती जरूर हैं, लेकिन वह वाराणसी से भदोही, ज्ञानपुर होते हुए प्रयागराज या जौनपुर तक जाती है। बीते सात-आठ महीनों से जिले में रोडवेज डिपो बनाने की प्रक्रिया में तेजी आई है। इसको लेकर मूंसीलाटपुर में जमीन की तलाश पूरी हो गई है।
जिला प्रशासन की ओर से चिह्नित भी कर लिया गया है। भदोही तहसील प्रशासन की ओर से मूंसीलाटपुर में 2.6580 हेक्टेयर जमीन की चिह्नित कर लिया गया है। जिसके बाद अब जिले में रोडवेज डिपो की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य ने क्षेत्रीय प्रबंधक उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम को पत्र लिखकर इससे अवगत कराया है।