ज्ञानपुर। हर बार की तरह इस बार भी सड़क सुरक्षा सप्ताह रस्म अदायगी तक सिमटता दिख रहा है। यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियान के बावजूद अधिसंख्य लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते दिख रहे हैं। मगर पुलिस और परिवहन विभाग का कोई नियंत्रण नहीं हैपरिवहन विभाग की ओर से दो दिन पूर्व से द्वितीय चरण का सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू किया गया। मोबाइल वैन, पोस्टर, बैनर आदि के माध्यम से जगह-जगह गोष्ठी कर लोगों को जागरूक करने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद अधिसंख्य लोग यातायात नियमों के प्रति जागरूक नहीं हो पाए। लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर उनके वाहन फर्राटा भर रहे हैं। अभियान का लोगों पर कोई खास असर होता नहीं दिखा है। सड़कों पर तमाम बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाते। तीन सवारी तो आम बात हो गई है। कार चालक सीटबेल्ट नहीं लगाते। एआरटीओ अरुण कुमार ने कहा कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई चलती रहेगी।