जिले की दो विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाली तीन किमी लंबी सड़क रामरायपुर-धसकरी की हालत है। गड्डे में तब्दील हो चुकी सड़क से राहगीरों का चलना दुश्वार है। लोगों को दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों स्थानीय विधायक से सड़क मरम्मत के साथ जलनिकासी के लिए नाली निर्माण की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते क्षेत्र की सड़कों की हालत काफी खराब है। रामरायपुर-धसकरी मार्ग की हालत तो और खराब हो गई है। क्षेत्र के नागेश मिश्रा, राकेश मौर्य, मनीष यादव, रमेश मौर्य, प्रभाकर मौर्य, अनिल मौर्य, लालमनि पाल, कमला शंकर यादव, कैलाश यादव, कलेक्टर मिश्रा, राकेश मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा आदि ने शासन-प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है। यह सड़क भदोही नगर और राजमार्ग औराई को सीधे जोड़ती है। लगभग 50 से अधिक गांव, इंदिरा मिल चौराहा, नेशनल तिराहा, भदोही रेलवे स्टेशन, पड़ोसी जिले वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज तक पहुंचने के लिए दोनों ओर से दिन-रात आवागमन होता है। चार दिन पहले हुई बारिश से सड़क के गड्ढों में पानी भरने से कीचड़ हो गया है। जिससे वाहन तो दूर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। साइकिल, बाइक, चार पहिया वाहन से लोग दूसरे रास्ते से गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार इस सड़क का निर्माण करीब दो दशक पहले कराया गया था। उसके बाद विभागीय अनदेखी से सड़क बदहाल हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि शीघ्र ही भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी से मिलकर सड़क की हालत सुधारने की पहल की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन हीरामणि वर्मा ने कहा कि जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।