ओवरलोड वाहनों के चलने से गड्ढे में तब्दील करियावं मार्ग।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले में ओवरलोड वाहन सड़कों का दम निकाल दे रहे हैं। इन क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर चलना जान को जोखिम में डालने जैसा है। बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टर ग्रामीण सड़कों को बदहाल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैें। उधर, 31 अक्तूबर तक 30 फीसदी सड़कों को भी गड्ढामुक्त नहीं कराया जा सका है।
स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और सड़क के विकास पर सरकार का विशेष फोकस रहता है। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर अधिकतर सड़कें गड्ढों से मुक्त नहीं हो सकी हैं। जिन सड़कों की मरम्मत भी हुई वह भ्रष्टाचार के कारण महीने भर या कहें एक बारिश बाद चल नहीं सकी और सड़क से गिट्टी जुदा हो गई। कई सड़कों की हालत ओवरलोड वाहनों के कारण खराब हो गई है। भदोही- दुर्गागंज मार्ग पर कस्तूरीपुर समेत कई स्थानों पर ओवरलोड वाहनों के कारण गड्ढे बन चुके हैं। जंगीगंज-स्टेशन मार्ग पर मिट्टी ढोते ट्रैक्टर के कारण सड़क धंस चुकी है। गोधना- दरवांसी मार्ग, चंदापुर-सीतामढ़ी मार्ग, मैलोना-खरगापुर मार्ग, नवधन-कुरमैचा मार्ग, राजमार्ग-कुरमैचा मार्ग, सुरियावां-निगोह मार्ग और दुर्गागंज-रामनगर मार्ग समेत कई ऐसी सड़कें हैं जिन पर प्रतिदिन ओवरलोड ट्रैक्टर और ट्रकों आना जाना जारी है और वह सड़कों को क्षतिग्रस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के आंकड़ो पर गौर करें तो करीब 1250 में 437 सड़कों को गड्ढामुक्त करना है।