दुर्गागंज। जिले के सड़क निर्माण में किस तरह से मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसका नजारा अभोली ब्लाक के भौथर-अर्जुनपुर मार्ग पर देखने को मिली। 10 महीने पहले बनी 800 मीटर नव निर्मित सड़क की गिट्टियां पूरी तरह से उखड़ चुकी है। 41 लाख 85 हजार की लागत से बनी यह सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाई। आलम यह है कि झाड़ू लगाने पर सारी गिट्टियां उखड़ जा रही हैं।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में लोक निर्माण विभाग ने भौथर से अर्जुनपुर तक लगभग आठ सौ मीटर सड़क का निर्माण बीते नवंबर माह में कराया था। 41 लाख 83 हजार की लागत से बनी यह सड़क पर लगभग 300 मीटर तक गिट्टियां पहली बारिश भी सहन नहीं कर पाई और उखड़ने लगी है। स्थानीय राहुल यादव, सूबेदार, अनूप बिंद, सूबेदार, विपुल कुमार, भानुप्रताप, अमरनाथ, दिनेश ने बताया कि यह सड़क जौनपुर सीमा को जोड़ने के साथ ही जिले की प्रमुख बाजारों को भी जोड़ती है। इस मार्ग से हर दिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क निर्माण के बाद इस पर आवागमन शुरू हो सका।
मार्ग पर जैसे-जैसे वाहनों का दबाव बढ़ता गया, वैसे इसकी हालत बिगड़ती गई है। मानसून सीजन में हुई बारिश के बाद सड़क में हुई मानक के अनदेखी की पोल खुल गई। सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि गिट्टिया झाडू लगाते ही ढेर में तब्दील हो जा रही है। अवर अभियंता बृजेश सिंह ने बताया कि सड़क पर उखड़ रहीं गिट्टियों का मामला संज्ञान में आया है। बारिश रुकने पर सड़क का डामरीकरण कराया जाएगा।
इनसेट-
सड़क निर्माण में अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई
ज्ञानपुर। विधानसभा क्षेत्र भदोही और अभोली ब्लाक के भौथर से अर्जुनपुर तक 41 लाख में बनी लगभग आठ सौ मीटर सड़क की शिकायत पर मंडल अभियंता ने जिले में पहुंचने का संकेत दे दिया है। अधीक्षण अभियंता एके द्विवेदी ने कहा कि कौलापुर-सेमराध की जांच करने के बाद से कई अन्य सड़कों की शिकायतें सामने आई हैं। जिले में पहुंच कर निर्माण में बरती गई अनियमितताओं की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
ज्ञानपुर। जिले में सड़कों के निर्माण व मरम्मत में लगातार मानकों की अनदेखी की जाती है। कुछ दिन पहले ही कौलापुर-सेमराध 13 किमी मार्ग पर मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया था। जहां अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही सक्रिय हुई मंडलीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सड़क से सैंपल लेकर उसको जांच के लिए लखनऊ भेजा था।