ज्ञानपुर। जिले में आरओ (समीक्षा अधिकारी) और एआरओ (सहायक समीक्षा अधिकारी) की परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। 27 जुलाई को होने वाली परीक्षा में नौ हजार 384 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग से पत्र आने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारी में जुट गया है। जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती से लेकर कक्ष निरीक्षकों की सूची बनाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई को किया गया है।
इसमें नौ हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठेंगे। इसके लिए जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि आरओ और एआरओ की परीक्षा एक पाली होगी। परीक्षा सुबह साढ़े 9 से 12.30 तक होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण तरीके से कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात होंगे।
प्रशासन संग पुलिस के नोडल अधिकारी भी परीक्षा की निगरानी करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सहायक केंद्र व्यवस्थापक के रूप में राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों की तैनाती होगी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों पर व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। राजकीय, वित्तपोषित और सीबीएसई बोर्ड के विद्यालयों को ही केंद्र बनाया गया है।