ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को एडीओ संजीव पांडेय की अध्यक्षता में विभागीय बैठक आयोजित हुई। इसमें तीन अगस्त से शुरू होने वाले स्कूल आधारित टीडी (टेटनस-डिप्थीरिया) टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। एडीओ ने सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय नियमित रूप से संचालित हों तथा शिक्षक विद्यार्थियों और अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करें।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पी.सी. बिंद ने बताया कि विद्यालयवार छात्र-छात्राओं की सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में 10 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान सीडीपीओ मंजू देवी, बीसीपीएम अजीत कुमार, श्याम सुंदर सिंह, बेसिक शिक्षा विभाग से संतोष कुमार, पशुपालन विभाग से अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।